Showing posts with label हां मैं हूँ बहुत तन्हा. Show all posts
Showing posts with label हां मैं हूँ बहुत तन्हा. Show all posts

Friday, October 17, 2025

हां मैं हूँ बहुत तन्हा


हां ! मैं हूँ बहुत तन्हा, 
मेरा बिस्तर तन्हा, 
उसकी हर इक सिलवट तन्हा , 
मैं -बिस्तर -सिलवट सब हैं साथ घुले मिले , 
क्यूँ मेरी तन्हाई नहीं घुल पाती है ?

मेरे घर की चारों दीवारें हैं साथ, 
 पूरी छत को सम्भाले ;
मगर चारों खड़ी हैं तन्हा !
बरसों से बन्द पड़ी खिड़कियाँ ;
खिड़कियों पर जंग खायी छिटकनियां , 
क्यूँ चुप पड़ी हैं तन्हा ?
क्यूँ नहीं खुल पाती हैं ?

हमारी रिश्तेदारी, 
 केवल अपनी अपनी तन्हाईयों से है !
हमारी शिकायत, 
 एक दूसरे के बीच की खाईयों से है !
शाम को चाँद आता है तन्हा ;
सुबह से पहले जाता है तन्हा !
पूरी तन्हाई टूट कर बिखर है जाती, 
 जब सुबह सुबह बुलबुल गाती है!

मैं कभी खुश नहीं रहा अपनी तन्हाईयों से ;
बिस्तर -सिलवट -खिड़की -छिटकनी-खाईयों से !

मैं एक भी आंसू नहीं गवाऊंगा , 
मेरी तन्हाईयों के तमाशबीन, 
 केवल तुम रोओगे , 
जिस दिन मैं तुम्हें तन्हा कर जाऊँगा !

पूरी कायनात से टपकती रिसती, 
 सख्त सूखी तन्हाईयां , 
चिपक गई हैं मैल की मानिंद ;
क्यूँ नहीं धुल पाती हैं ?
जबकि मुझे भी रोज सुबह सुबह , 
गाती हुई बुलबुल भाती है !!
----------------- तनु थदानी