Showing posts with label आना भईया कभी हमारे उत्तर प्रदेश आना. Show all posts
Showing posts with label आना भईया कभी हमारे उत्तर प्रदेश आना. Show all posts

Friday, October 17, 2025

आना भईया कभी हमारे उत्तर प्रदेश आना

तय कुछ भी नहीं होता है पहले से ,
ना समर्थन में कुछ,
ना ही विरोध में !

जब खाना नहीं मिलता भूखे को ,
वो तय करता है खाना छीनना !
भूखे का खाना छिनना कतई समर्थन नहीं होता, आगजनी का ! 
भूखा सिर्फ भूखा है ,
यही तय है पहले से ,
चाहे वो चुपचाप है या है वो क्रोध में !

हम हिन्दू मुसलमान होने से पहले ,
नहीं तय कर पाते ,
कि हम पहले भूखे नंगे हैं !
क्यूँ नहीं समर्थन दे पाते हैं पहले भूख को ?
क्यूँ गुजार देते हैं फटेहाल जीवन ,
अपने अपने धर्मों के शोध में ??

आंखों से सपने बीनना ,
लिखना-पढ़ना फिर बेरोजगार हो जाना ,
आना भईया कभी हमारे उत्तर प्रदेश आना ,
केवल यहाँ पहले से तय होता है सब कुछ ,
तुष्टीकरण से ले कर फसाद व विवाद तक ,
मुजफ्फरनगर से ले कर फैजाबाद तक ,
मरना तो आम आदमी को ही है भईया !
लाशों पे राजनीति करने वाले ,
सदा दिखेंगे ,
सफेद झक्क कुरतों के भीतर आनंद व विनोद में !!